स्वास्थ्य बीमा खरीदने से पहले इससे जुड़े कुछ महत्वपूर्ण शब्दों को समझना बेहद जरूरी है। ये शब्द आपको पॉलिसी के कवरेज, लाभों और पात्रता मानदंडों को बेहतर तरीके से समझने में मदद करते हैं। किसी भी बड़ी गलती से बचने के लिए पॉलिसी की सभी शब्दों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए।
हालांकि, कुछ बीमा शब्दों को समझना थोड़ा कठिन हो सकता है।
1. बीमित राशि
बीमित राशि वह अधिकतम राशि होती है, जिसके लिए आपकी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी कवरेज प्रदान करती है।
2. प्रीमियम
प्रीमियम वह राशि है, जो आपको खरीदी गई स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के लिए बीमा कंपनी या बीमाकर्ता को भुगतान करनी होती है। प्रीमियम की राशि आपके द्वारा चुनी गई पॉलिसी के प्रकार, पॉलिसीधारक की उम्र, कवरेज राशि और अन्य संबंधित कारकों पर निर्भर करती है।
3. कैशलेस क्लेम
कैशलेस क्लेम वह स्वास्थ्य बीमा क्लेम होते हैं, जिनका लाभ बीमाकर्ता के नेटवर्क अस्पतालों में इलाज के दौरान लिया जा सकता है।
4. अतिरिक्त कवरेज विकल्प
ऐड-ऑन कवर्स ऐसे अतिरिक्त लाभ होते हैं, जिन्हें आप अपनी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में अपनी आवश्यकताओं के अनुसार जोड़ सकते हैं। ये कवर महंगे इलाज, गंभीर बीमारियों या अप्रत्याशित स्वास्थ्य समस्याओं के समय अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करते हैं।
ऐड-ऑन कवर्स को राइडर्स या वैकल्पिक कवर भी कहा जाता है। क्रिटिकल इलनेस कवर, रूम रेंट वेवर, मैटरनिटी कवर और हॉस्पिटल कैश बेनिफिट जैसे अतिरिक्त लाभ आपकी मौजूदा स्वास्थ्य बीमा योजना को अधिक व्यापक बना सकते हैं।
5. गंभीर बीमारी
गंभीर बीमारियाँ ऐसी स्वास्थ्य स्थितियाँ हैं, जो जीवन के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं, जैसे किडनी फेलियर, कैंसर और हृदय संबंधी रोग। इन बीमारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य बीमा योजनाएँ उपलब्ध हैं, जो इनके इलाज का कवरेज प्रदान करती हैं। इसके अतिरिक्त, आप अपनी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में अतिरिक्त कवर या राइडर भी शामिल कर सकते हैं।
6. नेटवर्क अस्पताल
हर स्वास्थ्य बीमा कंपनी देश के कुछ अस्पतालों के साथ साझेदारी करती है। जिन अस्पतालों को बीमा कंपनी अपनी स्वीकृत सूची में शामिल करती है, उन्हें नेटवर्क अस्पताल कहा जाता है।
7. स्वचालित बहाली
स्वचालित बहाली एक ऐसी सुविधा है, जो अधिकांश स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में उपलब्ध होती है। यदि पॉलिसी अवधि के दौरान आपकी बीमित राशि समाप्त हो जाती है, तो पॉलिसी की शर्तों के अनुसार अगली बार अस्पताल में भर्ती के लिए वही बीमित राशि स्वतः पुनः उपलब्ध करा दी जाती है।
8. पहले से मौजूद बीमारियाँ/सहवर्ती बीमारियाँ
पहले से मौजूद बीमारियाँ या सहवर्ती बीमारियाँ जैसे उच्च रक्तचाप, सीओपीडी (COPD), किडनी संबंधी रोग और मधुमेह आदि, स्वास्थ्य बीमा के लिए जोखिम कारक माने जाते हैं। इसलिए, जिन लोगों को इनमें से कोई भी बीमारी होती है, उन्हें स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के लिए अपेक्षाकृत अधिक प्रीमियम का भुगतान करना पड़ सकता है।
9. शामिल न होने वाली स्थितियाँ
ये वे परिस्थितियाँ और शर्तें हैं, जिनके लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी कवरेज प्रदान नहीं करती। इनका विवरण पॉलिसी के नियमों और शर्तों में स्पष्ट रूप से दिया जाता है। यदि आपका क्लेम इनमें से किसी स्थिति से संबंधित है, तो उसे अस्वीकार किया जा सकता है।
10. पॉलिसी में क्या-क्या शामिल है
इनक्लूज़न्स से तात्पर्य उन लाभों और सुविधाओं से है, जिनका खर्च बीमा कंपनी आपकी पॉलिसी की शर्तों के अनुसार वहन करती है। इसलिए, स्वास्थ्य बीमा खरीदने से पहले यह जरूर देख लें कि पॉलिसी में कौन-कौन से लाभ शामिल हैं। आमतौर पर इसमें अस्पताल में भर्ती होने का खर्च, एनेस्थीसिया, सर्जरी, एम्बुलेंस का खर्च और इलाज से जुड़े अन्य खर्च शामिल होते हैं।
11. प्रतीक्षा अवधि
प्रतीक्षा अवधि वह समय होता है, जिसके पूरा होने के बाद ही आप कुछ बीमारियों या उपचारों के लिए स्वास्थ्य बीमा का लाभ ले सकते हैं। इस अवधि के दौरान संबंधित बीमारियों के लिए किए गए स्वास्थ्य बीमा क्लेम स्वीकार नहीं किए जाते। यह अवधि हर स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
12. टॉप-अप प्लान
टॉप-अप प्लान आपकी मौजूदा स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के साथ लिया जाने वाला अतिरिक्त बीमा कवर है। यदि आपकी मूल पॉलिसी की बीमित राशि पूरी तरह खर्च हो जाती है, तो यह प्लान आगे के पात्र चिकित्सा खर्चों के लिए अतिरिक्त कवरेज प्रदान करता है।
13. सह-भुगतान
सह-भुगतान या को-पे स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की एक ऐसी शर्त है, जिसके तहत इलाज के कुल खर्च का एक निश्चित प्रतिशत पॉलिसीधारक को स्वयं अस्पताल को भुगतान करना होता है, जबकि शेष राशि का भुगतान बीमा कंपनी पॉलिसी की शर्तों के अनुसार करती है। को-पे का प्रतिशत हर स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में अलग-अलग हो सकता है और यह पॉलिसीधारक की प्रवेश आयु तथा पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करता है।